नई दिल्ली ,11 मार्च (आरएनएस)। एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट बुधवार को थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान के रनवे पर उतरते समय उसका नोज गियर टूट गया, जिससे कुछ समय के लिए रनवे को बंद करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 133 यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस का बोइंग 737 मैक्स-8 विमान हैदराबाद से उड़ान भरकर फुकेट पहुंचा था। विमान जैसे ही रनवे पर उतरा, लैंडिंग के दौरान जोरदार झटके के कारण उसका नोज व्हील अलग हो गया और आगे का लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए रनवे बंद कर दिया, जिससे कई अन्य उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
घटना के तुरंत बाद इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किया गया और विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट के क्रू ने सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया। घटना के बाद विमान रनवे पर ही खड़ा रहा और एयरपोर्ट प्रशासन ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) भी इस घटना का संज्ञान ले सकता है, क्योंकि यह भारतीय एयरलाइन की उड़ान से जुड़ा मामला है।
उल्लेखनीय है कि बोइंग 737 मैक्स-8 विमान पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी मुद्दों को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में इस घटना की विस्तृत जांच होने की संभावना है। वहीं सोशल मीडिया पर भी विमान की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें नोज गियर क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

