रायपुर 11 मार्च 2026(आरएनएस/ जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंदिर हसौद क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में गुंडा-बदमाशों, अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों और शराब तस्करों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने शांति भंग की आशंका के चलते 10 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। जिन व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई उनमें योगेश जोशी, धनेश्वर निषाद, शत्रुघ्न धृतलहरे, रवि यादव, सुरेश धीवर, रोशन धीवर, झुमुक वर्मा, लक्ष्मी नारायण वर्मा, वेद प्रकाश धीवर और बेसन मानिकपुरी शामिल हैं।

इसी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम छतौना के सतनामी पारा में एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लोकेश बंजारे (19 वर्ष) निवासी ग्राम छतौना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ थाना मंदिर हसौद में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
वहीं अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छतौना चौक के पास से मदन लाल बांधे (56 वर्ष) निवासी ग्राम छतौना को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी शराब जब्त की गई। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
मंदिर हसौद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

