रुद्रपुर,11 मार्च (आरएनएस)। 27 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का आंदोलन तेज हो गया है। दूसरे चरण के आंदोलन के तहत देहरादून में जनपदवार धरना जारी है। 16 मार्च को ऊधमसिंह नगर के पदाधिकारी और सदस्य देहरादून में धरना देंगे। वहीं 23 मार्च से डिप्लोमा इंजीनियर्स प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के जिला सचिव हरपाल सिंह ने बताया कि 27 सूत्रीय मांगों का समाधान न होने से डिप्लोमा इंजीनियर्स में रोष है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के तहत देहरादून में जनपदवार धरना दिया जा रहा है, जो 9 मार्च से शुरू हो गया है। धरना यमुना कॉलोनी स्थित लोनिवि और सिंचाई मुख्यालय के पास दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला ऊधमसिंह नगर शाखा में पदाधिकारियों सहित 205 सदस्य हैं। 16 मार्च को देहरादून में पदाधिकारियों के साथ लगभग 150 सदस्य धरना देंगे। वहीं 23 मार्च से डिप्लोमा इंजीनियर्स प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि महासंघ आंदोलन और हड़ताल का पक्षधर नहीं है, लेकिन शासन स्तर पर हो रहे अन्यायपूर्ण व्यवहार और हठधर्मिता के कारण इसके अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

