उत्तरकाशी,11 मार्च (आरएनएस)। मोरी प्रखंड के बैनोल गांव के केवला तोक में आज भी सड़क और बिजली सुविधा नहीं है। ग्रामीणों ने सड़क और बिजली सुविधा के लिए लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड निर्माण के 25 वर्ष बाद भी केवला तोक सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है जिससे गांव के 35 परिवारों को आज भी दो किमी पैदल भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बैनोल गांव में संचालित सतलुज विद्युत परियोजना से क्षेत्र की कृषि भूमि डूब क्षेत्र में आ गई है। ऐसे में बैनोल के ग्रामीण अब केवला तोक में ही खेतीबाड़ी कर रहे हैं। सड़क बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से लोगों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि केवला तोक में सड़क व विद्युत व्यवस्था को कई बार शासन प्रशासन से पत्राचार भी किया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने सड़क व विद्युत की समस्या का तत्काल समाधान की मांग की है। ज्ञापन पर साहिल सिंह चौहान, दर्शन रावत सिंह महेंद्र सिंह, करतार सिंह रावत, गोविंद सिंह समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

