रायपुर 11 मार्च 2026(आरएनएस) ग्रामीण क्षेत्र के धरसींवा थाना अंतर्गत ग्राम धनेली में उस समय सनसनी फैल गई जब नशे में धुत एक आरोपी तलवारनुमा हथियार लेकर लोगों पर हमला करने पहुंच गया। आरोपी ने दो युवकों को जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर वार करने की कोशिश की। हालांकि दोनों युवक किसी तरह जान बचाकर घर में घुस गए और दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तलवार जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम धनेली निवासी सनत कुमार निषाद ने पुलिस चौकी सिलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मार्च 2026 को वह अपने मित्र लकेश्वर साहु के साथ कोमल किराना स्टोर्स के पास गौरा चौरा चौक में बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का ही निवासी इमरानुद्दीन उर्फ बाबूद्दीन शेख नशे की हालत में हाथ में तलवारनुमा लोहे का हथियार लेकर वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के सनत कुमार को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला करने लगा। सनत किसी तरह वहां से भाग निकला, लेकिन आरोपी ने उसके मित्र लकेश्वर साहु पर भी हमला करने का प्रयास किया।
जान बचाने के लिए दोनों युवक तुरंत लकेश्वर साहु के घर के अंदर घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद भी आरोपी बाहर से लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा और कुछ देर बाद वहां से चला गया। मामले की शिकायत पर धरसींवा थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 138/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी प्रभारी सिलतरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना के संबंध में प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश देने के बाद पुलिस ने आरोपी इमरानुद्दीन उर्फ बाबूद्दीन शेख को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तलवार भी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

