मेरठ 12 मार्च (आरएनएस )। देर रात नौचंदी थाना पुलिस ने शराब के नशे में उत्पात मचा रहे एक युवक को फूलबाग कॉलोनी से गिरफ्तार किया। युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों को भी हड़काना शुरू कर दिया। मगर जब जांच की गई तो आरोपी की सच्चाई सामने आ गई। आरोपी पर मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि देर रात नौचंदी पुलिस को सूचना मिली कि फूलबाग कॉलोनी में रहने वाला राहुल कौशिक पुत्र रोहताश कुमार शराब पीकर इलाके में हंगामा कर रहा है।
राहुल खुद को 2008 बैच का आईएएस अफसर और केंद्र सरकार में डिप्टी सेक्रेटरी बताता है। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल से बातचीत की। जिस पर राहुल ने खुद को आईएएस बताते हुए पुलिसकर्मियों को ही धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी की हरकतों पर शक होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ की गई।
इसके बाद पता चला कि राहुल ने 2008 में एक कॉम्पिटेटिव एग्जाम दिया था। जिसमें वह सफल नहीं हुआ। इसके बाद वह खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों को धमकाता था। आरोपी पर पूर्व में एक छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। मगर शिकायतकर्ता द्वारा कार्यवाही से इनकार करने पर यह मुकदमा निरस्त हो गया था। फिलहाल आरोपी पर मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

