आधी-अधूरी सड़क से बढ़ रही दुर्घटनाएं
सुलतानपुर 12 मार्च (आरएनएस )। करौदीकला से रवनिया तक बनने वाले सड़क मार्ग के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग के निर्माण हेतु सरकार द्वारा कई करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए तथा भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन सड़क का निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क कई स्थानों पर अधूरी छोड़ दी गई है तथा जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की भी शिकायत सामने आ रही है, जिससे स्थानीय जनता में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का भी अभाव दिखाई दे रहा है और कई स्थानों पर सड़क की हालत अत्यंत दयनीय बनी हुई है। लोगों ने मांग की है कि शासन और संबंधित विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराए तथा दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे। स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि सड़क मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

