देहरादून,12 मार्च (आरएनएस)। योनेक्स सनराइज उत्तराखंड स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में देहरादून की ‘शटलर दादीÓ निर्मला नेगी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 65 प्लस आयु वर्ग में महिला युगल में स्वर्ण पदक जीता। वहीं एकल और मिश्रित युगल वर्ग में उन्होंने रजत पदक हासिल किया। हल्द्वानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 100 से अधिक मास्टर्स खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निर्मला नेगी का चयन 18 से 25 मार्च तक गोवा में होने वाली ऑल इंडिया मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। गुरुवार को सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने कहा कि निर्मला नेगी प्रदेश और देश की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने साबित किया है कि उम्र केवल एक संख्या है और मेहनत व हौसले से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। निर्मला नेगी मास्टर्स बैडमिंटन में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

