हरिद्वार,12 मार्च (आरएनएस)। एलपीजी की कालाबाजारी और समय पर गैस आपूर्ति न मिलने से परेशान रेहड़ी-पटरी के स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों ने गुरुवार को चंडी चौराहे पर प्रदर्शन किया। लघु व्यापारी एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में व्यापारियों ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर विरोध जताया। शासन-प्रशासन से स्ट्रीट वेंडर्स के लिए अलग से गैस कोटा तय करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि फुटपाथ पर रेहड़ी-पटरी के माध्यम से खाने-पीने की सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों को समय पर एलपीजी गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। गैस की कमी और कालाबाजारी से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों को अधिक दामों पर गैस सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे उनकी आमदनी पर असर पड़ रहा है।संजय चोपड़ा ने कहा कि स्ट्रीट फूड वेंडर्स एलपीजी गैस पर निर्भर हैं। समय पर गैस न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए शासन-प्रशासन को विशेष निगरानी समिति का गठन करना चाहिए ताकि आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को चाहिए कि रेहड़ी-पटरी पर खाद्य सामग्री बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए प्राथमिकता के आधार पर अलग से गैस कोटा निर्धारित किया जाए। इससे छोटे व्यापारियों को समय से गैस मिल सकेगी। उनका व्यवसाय प्रभावित नहीं होगा। प्रदर्शन में राजकुमार, कमल, प्रताप सिंह चौहान, शशिकांत, सुनील कुकरेती, लालचंद, विजय गुप्ता, भोला यादव, कपिल कुमार, मोहन लाल, मुन्ना सिंह, जय सिंह, चंदन रावत, सोनू, नईम, कामिल, श्याम कुमार, फूल सिंह, सुशांत बंगाली, सुमन गुप्ता, आशा देवी, कामिनी मिश्रा, मंजू पाल और सुनीता चौहान आदि लघु व्यापारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

