हरिद्वार,12 मार्च (आरएनएस)। ग्राम निजामपुर हरचन्दपुर से एक 13 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों की काफी खोजबीन और पंजाब तक दौड़ लगाने के बाद भी जब बालक का कुछ पता नहीं चला, तो अब पीडि़त पिता ने कोतवाली मंगलौर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्राम निजामपुर हरचन्दपुर निवासी सतीश कुमार सैनी का 13 वर्षीय पुत्र अजय सैनी बीती 28 जनवरी को बिना बताए घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने बताया कि बालक मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है और पहले भी कई बार बिना बताए घर से गया है, लेकिन हर बार वह खुद वापस लौट आता था। लापता होने के कुछ दिनों बाद परिजनों के पास अमृतसर से एक फोन कॉल आई थी, जिसमें बालक के वहां होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल अमृतसर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर बालक के विषय में कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। काफी तलाश करने के बाद भी अजय का कोई सुराग नहीं मिल सका है। डेढ़ महीना बीत जाने के बाद भी बालक के घर न लौटने पर पिता सतीश कुमार सैनी ने मंगलौर पुलिस को तहरीर देकर पुत्र की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

