नईदिल्ली,13 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मैच से होगी। आरसीबी पहली बार गत विजेता के तौर पर अपने अभियान की शुरुआत करेगी। आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आगामी संस्करण में भी अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन करना चाहेंगे। इस बीच कोहली के आईपीएल करियर और उनके द्वारा बनाए रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
कोहली ने अब तक खेले 267 मैचों की 259 पारियों में 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए हैं। वह इस सीजन में आईपीएल इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल कोहली लीग में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा (7,046) लीग में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं, जो कि कोहली से काफी पीछे हैं।
कोहली ने आईपीएल 2016 में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 973 रन बनाए थे। ये रन कोहली ने 16 मैचों में 81 की जबरदस्त औसत से अपने नाम किए थे। उनके अलावा किसी बल्लेबाज ने भी आईपीएल के एक संस्करण में 900 रन के आंकड़े को पार नहीं किया है। कोहली के सबसे करीब शुभमन गिल रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल 2023 में 59.33 की औसत के साथ 890 रन अपने नाम किए थे।
2016 में, कोहली एक ही आईपीएल संस्करण में 4 शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। इस रिकॉर्ड की बराबरी जोस बटलर ने 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 4 शतक लगाकर की थी।
अब तक कोहली एकमात्र ऐसे खिलाड़ी बने हुए हैं, जिन्होंने सभी 18 सीजन में सिर्फ एक टीम का प्रतिनिधित्व किया है। कोई भी अन्य खिलाड़ी आईपीएल में किसी एक फ्रेंचाइजी के साथ इतने लंबे समय तक नहीं जुड़ा है। उन्हें आरसीबी ने आईपीएल के शुरुआती सीजन (2008) में अपने साथ शामिल किया था। उन्हें अंडर-19 प्लेयर पूल से आरसीबी ने अपने साथ जोड़ा था। वह लगातार अपनी फ्रेंचाइजी के लिए रन बना रहे हैं।
कोहली ने आईपीएल 2025 में 8 अर्धशतक लगाए और सभी में उनकी टीम जीती थी। क्रिकइंफो के मुताबिक, ये एक आईपीएल सीजन में जीते गए मैचों में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर हैं। कोहली ने 2025 में 657 रन बनाए, जो उनके 600+ रन का 5वां सीजन था। वह सर्वाधिक सीजन में 600 रन का आंकड़ा पार कर चुके हैं। वह लगातार 3 सीजन में 600 से अधिक बनाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

