नईदिल्ली,13 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बहुत कम ऐसे संस्करण हुए हैं, जिनमें एक टीम के 2 बल्लेबाजों ने 600 से अधिक रन बनाए हैं। आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस (जीटी) के शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने भी 600+ रन बनाए थे और इसके बावजूद उनकी टीम फाइनल में नहीं पहुंच सकी थी। इस बीच उन टीमों के बारे में जानते हैं, जिनके 2 बल्लेबाजों ने एक संस्करण में 600+ रन बनाए और इसके बावजूद वो टीम खिताब नहीं जीती।
आईपीएल 2013 में आरसीबी से खेलते हुए विराट कोहली और क्रिस गेल ने जोरदार प्रदर्शन किया था। कोहली ने उस संस्करण में 16 पारियों में 45.28 की औसत और 138.73 की स्ट्राइक रेट से 634 रन बनाए थे। उन्होंने तब 6 अर्धशतक लगाए थे। गेल ने उस संस्करण में 16 पारियों में 59.00 की औसत और 156.29 की स्ट्राइक रेट से 708 रन बनाए थे। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे। आरसीबी तब 5वें स्थान पर रही थी।
आईपीएल 2016 में आरसीबी उपविजेता रही थी, जिसमें कोहली और एबी डिविलियर्स ने खूब रन बनाए थे। कोहली ने उस सीजन में 16 पारियों में 81.08 की अविश्वनीय औसत और 152.03 की स्ट्राइक रेट के साथ 973 रन बनाए थे। उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए थे। डिविलियर्स ने उस संस्करण में 52.84 की औसत और 168.79 की स्ट्राइक रेट से 687 रन बनाए थे। उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे।
आईपीएल 2023 में आरसीबी की ओर से डु प्लेसिस और कोहली का बल्ला खूब चला था। डु प्लेसिस ने उस सीजन में 14 पारियों में 56.15 की औसत और 153.68 की स्ट्राइक रेट के साथ 730 रन बनाए थे। उन्होंने 8 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे। कोहली ने 14 पारियों में 53.25 की औसत और 139.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 639 रन बनाए थे। उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक भी लगाए थे।
आईपीएल 2025 में जीटी की टीम एलिमिनेटर में हारकर बाहर हुई थी। पिछले सीजन में सुदर्शन और गिल की सलामी जोड़ी ने अविश्वसनीय प्रदर्शन किया था। सुदर्शन ने 15 पारियों में 54.21 की औसत और 156.17 की स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक शामिल थे। गिल ने पिछले संस्करण में 15 पारियों में 50.00 की औसत और 155.87 की स्ट्राइक रेट से 650 रन बनाए थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

