सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी और वरुण धवन अभिनीत फिल्म बॉर्डर 2 ने सिनेमाघरों में गर्दा उड़ा दिया। दर्शक इस फिल्म की ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। उनका यह इंतजार जल्द पूरा हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म ओटीटी पर दस्तक देने वाली है।
फिल्म बॉर्डर 2 23 जनवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज हुई थी। अब करीब दो महीने बाद यह ओटीटी पर आ रही है। ओटीटी प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक बॉर्डर 2 फिल्म 20 मार्च, 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। थिएटर्स के बाद दर्शक अब घर बैठे इसका लुत्फ उठा सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी इसकी पुष्टि होना बाकी है।
फिल्म बॉर्डर 2 ने थिएटर्स में धमाकेदार प्रदर्शन किया। न सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर, बल्कि वर्ल्डवाइड भी इसने शानदार प्रदर्शन किया। उम्मीद है कि ओटीटी पर भी इसे दर्शकों से शानदार रिएक्शन मिल सकते हैं। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म बॉर्डर 2 साल 1971 के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।
फिल्म बॉर्डर 2 साल 1997 में आई जेपी दत्ता द्वारा निर्देशित बॉर्डर का सीक्वल है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म बॉर्डर 2 ने वर्ल्डवाइड 449.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन जुटाया। फिल्म में सोनम बाजवा, मेधा राणा, मोना सिंह और आन्या सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। सनी देओल के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनकी आगामी फिल्म लाहौर 1947 है। इसके अलावा वे रणबीर कपूर अभिनीत रामायण पार्ट 1 में भी नजर आएंगे। फिल्म इक्का भी उनकी झोली में है, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

