रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज अपनी एडवांस बुकिंग में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। एक ओर, फिल्म भारत में प्रीव्यू शो के लिए टिकटों की धड़ाधड़ बिक्री कर रही है। दूसरी तरफ अमेरिका और कनाडा में यह कमाई के जरिए पहले ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। इन सब की बदौलत रणवीर की फिल्म ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करते हुए निर्माताओं की झोली भर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, धुरंधर 2 ने भारत में प्रिव्यू शो के लिए 13 मार्च की सुबह तक 4.7 लाख टिकटों की बिक्री कर ली। इसी के साथ कमाई 24.4 करोड़ के पार पहुंच गई है। आंकड़ा दर्शाता है कि धुरंधर 2 किसी भारतीय फिल्म का सबसे बड़ा प्रीमियर बनने जा रही है। यह पवन कल्याण अभिनीत दे कॉल हिम ओजी (रिलीज 2025) द्वारा प्रिव्यू शो में बनाए गए रिकॉर्ड 25 करोड़ को तोडऩे के लिए पूरी तरह तैयार है।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, धुरंधर 2 ने उत्तरी अमेरिका में ओपनिंग डे के लिए लगभग 27.7 करोड़ कमा लिए हैं। इसमें केवल प्रीमियर शोज के लिए नॉर्थ अमेरिका में करीब 9.24 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई। इससे धुरंधर 2 की विश्वव्यापी एडवांस बुकिंग कमाई रिलीज से पहले ही लगभग 60 करोड़ के आसपास हो गई है। बता दें कि आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 मार्च, 2026 को दुनियाभर में तहलका मचाने के लिए तैयार है।

