रायपुर, 14 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रदेश में गैस आपूर्ति की स्थिति और अफीम खेती के मामले को लेकर अपनी बात रखी। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू मौजूद रहे। पत्रकारों से चर्चा के दौरान सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गैस एजेंसियों के बाहर कतारें देखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी और व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि गैस बुकिंग और आपूर्ति की प्रक्रिया को लेकर उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति है। उनका कहना था कि यदि आपूर्ति सामान्य है तो एजेंसियों के बाहर भीड़ और बुकिंग में दिक्कतों के कारणों को स्पष्ट किया जाना चाहिए। साथ ही कमर्शियल गैस की उपलब्धता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत बताई। प्रेस वार्ता में प्रदेश में अफीम खेती के मामले पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस विषय की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। उनका कहना था कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियां हो रही हैं तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस दौरान कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने जानकारी दी कि विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के भारत माता चौक से दोपहर 12 बजे शुरू होकर विधानसभा की ओर जाएगा। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री अशोक राज आहूजा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, प्रवक्ता सत्यप्रकाश और परवेज अहमद सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
०

