जशपुरनगर, 14 मार्च (आरएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जशपुर जिले में जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के ग्राम बंगुरकेला निवासी ज्ञानु भगत को भी इस योजना का लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि पहले उनका परिवार मिट्टी से बने कच्चे मकान में रहता था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और गर्मी के मौसम में घर के अंदर रहना मुश्किल हो जाता था। इसके अलावा जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता था, जिससे परिवार को हमेशा चिंता रहती थी। ज्ञानु भगत ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्का घर बनाने के लिए सहायता राशि स्वीकृत हुई। शासन से मिली राशि के साथ उन्होंने अपनी बचत जोड़कर घर का निर्माण शुरू किया है। फिलहाल मकान का अंदरूनी काम जारी है और जल्द ही उनका परिवार नए घर में रहने लगेगा। उन्होंने कहा कि पक्का घर मिलना उनके परिवार के लिए किसी सपने के पूरा होने जैसा है। इससे उनके जीवन में सुरक्षा और स्थिरता आई है। योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के कई जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास मिल रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है।
०

