लखनऊ,14 मार्च (आरएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण के लगभग 90 हजार पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों से प्रथम किस्त की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए अंतरित की जाएगी। यह कार्यक्रम 16 मार्च 2026 को अपराह्न 4:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 20 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री फतेहपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, सहारनपुर, महाराजगंज और देवरिया के एक-एक लाभार्थी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल संवाद भी करेंगे और उनसे योजना के लाभ एवं अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 एक मांग आधारित योजना है, जिसके अंतर्गत सभी पात्र शहरी लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से आवास निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है, जिससे “सबके लिए आवास” की परिकल्पना को साकार किया जा सके।यह कार्यक्रम केवल धनराशि हस्तांतरण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश सरकार की “सबके लिए आवास” की संकल्पना को धरातल पर उतारने की दिशा में उत्तर प्रदेश की स्पष्ट प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से बड़ी संख्या में शहरी गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार हो रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

