लखनऊ ,14 मार्च (आरएनएस)। राज्य उपभोक्ता आयोग तथा प्रदेश के समस्त जिला उपभोक्ता आयोगों में 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपभोक्ता विवादों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। इस लोक अदालत के माध्यम से प्रदेश में कुल 617 मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग 14.73 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का समाधान कराया गया।राज्य स्तर पर आयोजित लोक अदालत में कुल 49 मामले सूचीबद्ध किए गए थे, जिनमें से 23 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 75,34,325 रुपये की धनराशि का समाधान कराया गया।इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिला उपभोक्ता आयोगों में कुल 1025 मामले सूचीबद्ध हुए, जिनके सापेक्ष 594 मामलों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 13,98,61,211 रुपये की धनराशि का समाधान कराया गया।राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान जिला उपभोक्ता आयोग बस्ती द्वारा सर्वाधिक 71 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि जिला उपभोक्ता आयोग गौतमबुद्धनगर द्वारा सर्वाधिक 1,50,10,346 रुपये की धनराशि का समाधान कराया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

