हलिया मीरजापुर ,14 मार्च (आरएनएस)। स्थानीय विकास खंड के हलिया कस्बा स्थित विंध्य भारत गैस एजेंसी पर शनिवार सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ देखने को मिली। गैस की किल्लत के कारण दूर दराज से आए ग्रामीण घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई लोगों की गैस बुकिंग होने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ लोगों की बिना जानकारी के ही बुकिंग और डिलीवरी दर्ज हो जाने की बात सामने आई है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। नवगवां गांव से आए धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्होंने गैस की बुकिंग कराई थी और पिछले दो दिनों से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं। वहीं लालगंज थाना क्षेत्र से आए मुकुल सिंह ने बताया कि लालगंज में गैस नहीं मिलने पर वह हलिया एजेंसी पर सिलेंडर लेने आए थे, लेकिन यहां बताया गया कि उनकी बुकिंग हो चुकी है और गैस की डिलीवरी भी दर्ज हो गई है। उन्होंने बताया कि उनकी पासबुक 23 दिसम्बर 2026 के बाद से अपडेट ही नहीं हुई है, जिससे उन्हें पूरी जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।मड़वा गांव से आए मुन्ना सिंह ने बताया कि उन्होंने मोबाइल से गैस की बुकिंग की थी और सुबह से ही एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए खड़े हैं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया। गैस लेने के लिए ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कई लोग सुबह से ही बाइक पर सिलेंडर बांधकर एजेंसी के सामने अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। बिना खाए पिए घंटों लाइन में खड़े रहने से लोगों में नाराजगी भी साफ दिखाई दी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

