लालगंज, मीरजापुर ,14 मार्च (आरएनएस)। क्षेत्र के वाराणसी-रीवा हाईवे पर स्थित बस्तरा फ्लाईओवर ब्रिज पर शनिवार को दोपहर बाद हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गाजीपुर निवासी बाइक सवार महिला और उसकी बेटी की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाइक चालक गंभीर रूप से घायल ट्रामा सेंटर रेफर। ट्रेलर चालक भी घायल हुआ है। बाइक में टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के दूसरे हिस्से की ओर झुककर लटक गया। गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के हरीबल्लवपुर तिवारीपुर निवासी 38 वर्षीय मनोज चौधरी अपनी पत्नी 35 वर्षीया रीता और 12 वर्षीया बेटी सौम्या के साथ बाइक से मध्य प्रदेश जा रहे थे। मनोज चौधरी मध्यप्रदेश के मउगंज के गांव में परवल की खेती करने के लिए जा रहा था। मीरजापुर की ओर से मध्य-प्रदेश की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक ट्रेलर जब लालगंज थाना क्षेत्र के बस्तरा गांव के पास फ्लाईओवर ब्रिज पर पहुंचा तो उसी दौरान उसने आगे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर में बाइक फंस कर करीब 50 मीटर तक घसीटता घसीटता चला गया।हादसे में मां बेटी रीता और सौम्या की मौके पर ही मौत हो गई।उनका क्षत विक्षत शव सड़क पर बिखर गया था।बाइक चला रहे मनोज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक 35 वर्षीय रोहित तिवारी निवासी लटियार थाना हनुमना, जिला मऊगंज (मध्यप्रदेश) भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा। वहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए मीरजापुर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा और जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना ग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

