गैस सिलेंडर की किल्लत अफवाह- केशव मौर्य
रवि किशन बोले- राहुल गांधी के छोटे पैजामे पर संसद में सब हंसते है, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सरस मेला-2026 का भव्य शुभारंभ
प्रयागराज,14 मार्च (आरएनएस)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एन आर एल एम ) के तहत प्रयागराज के परेड ग्राउंड में शनिवार को सरस मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और गोरखपुर से सांसद व भोजपुरी अभिनेता रवि किशन ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है।
यह मेला 14 मार्च से 23 मार्च तक चलेगा। उद्घाटन के अवसर पर भाजपा सांसद प्रवीण पटेल, मेयर, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गायिका तृप्ति शाक्या ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसमें रवि किशन ने भी मंच पर उनके साथ भक्ति और भोजपुरी गीत गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। परेड ग्राउंड में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और ग्रामीण उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।
सांसद रवि किशन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि देश में एक करोड़ महिला समूहों को तीन करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि हर घर में महिलाओं और बेटियों को रोजगार मिल सके। रवि किशन ने प्रयागराज में हुए इस समागम को ऐतिहासिक बताया और हजारों महिलाओं की भागीदारी देखकर गर्व महसूस किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा। रवि किशन ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी संसद में हंगामा कर देश का समय और धन बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संसद का एक मिनट चलाने में लगभग ढाई लाख रुपये खर्च होते हैं और विपक्ष के हंगामे के कारण करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है, जिसे देश की जनता देख रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के कारण गांव और गरीब परिवारों की महिलाएं आज आत्मनिर्भर बन रही हैं और आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
सांसद ने एलपीजी गैस की कमी की खबरों को अफवाह बताते हुए कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भ्रम में न पड़ें और नियम के अनुसार बुकिंग करने पर सिलेंडर घर तक पहुंच जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरस मेले का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस मेले में गरीब परिवारों की महिलाएं अपने बनाए हुए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाती हैं, जिन्हें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग खरीदते हैं। इससे उनकी आय बढ़ती है और उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि गांव की महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और गरीब परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होकर समृद्धि की ओर बढ़ें। ऐसे आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं।
इस दौरान काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, सुरेंद्र चौधरी, डॉ वीके सिंह, विधायक दीपक पटेल, राजेंद्र मिश्र, राजेश केसरवानी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्र, कविता पटेल, कमलेश गौतम, रवि केसरवानी, अरुण पटेल आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

