प्रयागराज,14 मार्च (आरएनएस)। कौंधियारा और घूरपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 82 छोटे-बड़े टायर और घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन बरामद किया है।
यह घटना कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार में दिलीप कुमार केसरवानी की टायर की दुकान पर हुई थी। बीती रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान से लगभग 100 टायर चुरा लिए थे, जिनमें बाइक और ऑटो के टायर शामिल थे। इन टायरों की अनुमानित कीमत करीब पौने दो लाख रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़त दिलीप कुमार ने कौंधियारा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कौंधियारा और घूरपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम सक्रिय हुई। जांच-पड़ताल और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को सड़वा क्षेत्र के पास से आरोपी सर्वेश मिश्रा उर्फ पप्पू मिश्रा निवासी ग्राम छीडी, थाना बारा, जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 82 छोटे-बड़े चोरी के टायर और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी बरामद की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सर्वेश ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर टायर चोरी करता था। चोरी किए गए टायरों को बेचकर मिले पैसों से वह अपने और परिवार के शौक पूरे करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से ही लगभग 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। यह दर्शाता है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कौंधियारा थानाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, कांस्टेबल आशीष सिंह, सूर्यकुमार, जवाहरलाल, राहुल यादव और दिनेश कुमार सिंह तथा घूरपुर थाने से प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित यादव और कांस्टेबल अमित यादव शामिल थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

