सीएमओ ने कराई 6 डॉक्टरों की टीम से जांच
प्रयागराज।(आरएनएस ) स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीडऩ का केस दर्ज कराने के बाद चर्चा में आए आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज का शनिवार को दोबारा मेडिकल कराया गया। यह जांच छह विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के साथ की।
ज्ञात हो कि आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज बीते रविवार को गाजियाबाद से प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान रीवा एक्सप्रेस में फतेहपुर और सिराथू स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में उनकी नाक, चेहरे और हाथों पर चोटें आईं।
घटना के बाद उन्होंने जीआरपी थाने में मामला दर्ज कराया था और प्रारंभिक मेडिकल मोती लाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय में कराया गया था। बाद में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखकर चोटों की निष्पक्ष जांच के लिए दोबारा मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराने की मांग की।
उन्होंने 9 मार्च को जिलाधिकारी और सीएमओ को पत्र देकर बताया था कि हमले के बाद उन्हें लगातार नाक और सिर में दर्द, सांस लेने में दिक्कत, आंखों से कम दिखाई देना और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो रही हैं। इसके चलते उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से जांच कराने की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संज्ञान लिया और सीएमओ ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को जीआरपी पुलिस की मौजूदगी में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को अस्पताल लाया गया, जहां छह सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने उनका विस्तृत परीक्षण किया।
मेडिकल बोर्ड में फिजीशियन, ऑर्थोपेडिक सर्जन, नेत्र विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन, जनरल सर्जन और दंत चिकित्सक शामिल थे। डॉक्टरों ने नाक, आंख, दांत और शरीर के अन्य हिस्सों की चोटों की बारीकी से जांच की। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। डॉक्टरों द्वारा तैयार की जा रही मेडिकल रिपोर्ट संबंधित प्रशासनिक और जांच एजेंसियों को भेजी जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

