प्रयागराज।(आरएनएस ) 08 से 14 मार्च तक चलाए गए “नारी लीड्स स्वच्छता कार्यक्रम” के अंतिम दिवस पर नगर निगम मुख्यालय सभागार में महिला सफाई मित्र सुरक्षा शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत मिशन नोडल एवं सहायक नगर आयुक्त सुश्री दीपशिखा पांडे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में महिला सफाई मित्रों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह चिकित्सा शिविर नगर निगम कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं पैथोहोम के तुषार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 200 महिला कर्मचारियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
द्वितीय सत्र में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं सनातनी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कौशल्या नंद गिरी द्वारा विभिन्न वार्डों से चयनित उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संयोजक एवं आईईसी हेड कृष्ण कुमार मौर्य ने बताया कि 08 मार्च से 14 मार्च तक पूरे शहर में नारी लीड्स स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान 3500 से अधिक महिलाओं को अभियान से जोड़ा गया तथा 25 से अधिक जन-जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
इस अवसर पर नगर निगम प्रयागराज के साथ कार्यरत श्रृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस, इंदौर से रोहित चंदेल, रजत जाटव, प्रति सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला सफाई मित्र एवं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एजेंसी से जुड़ी महिलाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में अशोक पटेल द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

