लखनऊ,14 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह (8 से 14 मार्च) के अवसर पर नगर निगम लखनऊ के जोन-7 अंतर्गत स्वच्छ भारत अभियान के तहत महिला सफाई कर्मियों के सम्मान में नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम लखनऊ द्वारा उर्विश समाज सेवा संस्थान तथा लखनऊ स्वच्छता अभियान की टीम के सहयोग से किया गया, जिसमें शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवा देने वाली 30 महिला सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप “स्वास्थ्य गरिमा किट” प्रदान की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में सफाई कर्मियों, विशेषकर महिला सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में अहम योगदान देती हैं। ऐसे कर्मियों को सम्मानित करना न केवल उनके कार्यों की सराहना है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश भी है।कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा संचालित आरआरआर केन्द्र की गतिविधियों को भी जनसामान्य के बीच प्रचारित किया गया। नागरिकों को अपनी अनुपयोगी वस्तुएँ जैसे इस्तेमाल किए हुए कपड़े, जूते, पुराने बैग, खिलौने और पुस्तकें जरूरतमंद लोगों को दान करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि इन वस्तुओं का पुन: उपयोग हो सके और समाज के वंचित वर्ग को भी इसका लाभ मिल सके।इस अवसर पर आरआरआर की अवधारणा के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य “रिड्यूस, रीसायकल और रीयूज” के सिद्धांत को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत लोगों को कम से कम अनुपयोगी वस्तुओं का उपयोग करने, उपयोगी वस्तुओं का पुनर्चक्रण करने तथा प्रत्येक वस्तु का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाता है, जिससे पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सके और संसाधनों का संरक्षण हो सके।कार्यक्रम का नेतृत्व अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद तथा जोनल सेनेटरी अधिकारी अजीत राय की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का संचालन सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संचिता मिश्रा द्वारा किया गया।इस अवसर पर उर्विश समाज सेवा संस्थान से शशि मिश्रा, जूट फॉर लाइफ से अंजली सिंह, समाज सेविका तृप्ति भार्गव, फहमीना आरिफ, पिंकी सिंह, सोनाली पांडे, चिंतन फाउंडेशन से भव्या सिंह तथा लखनऊ स्वच्छता अभियान की जागरूकता टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे। समारोह में महिला सफाई कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई तथा भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

