लखनऊ/मुंबई,14 मार्च (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा और एलपीजी जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सीधे तौर पर विदेश नीति से जुड़ी होती हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करने में नाकाम रही है।शनिवार को मुंबई में ‘विजन इंडियाÓ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में जारी युद्ध की वजह से लोगों की जान जा रही है और वैश्विक शांति पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि युद्धग्रस्त क्षेत्रों में व्यापक तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है, जिसका सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है और आम जनता के सामने नई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि एलपीजी गैस की कमी के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। घरों में खाना बनाने से लेकर रेस्टोरेंट और होटल कारोबार तक संकट की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि एलपीजी से जुड़ा पूरा क्षेत्र प्रभावित हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार एलपीजी गैस की उपलब्धता इतनी कम हो गई है कि यह आम लोगों के लिए लगभग ‘लापताÓ हो गई है, जिसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि यह संकट अचानक पैदा नहीं हुआ है, बल्कि इसके पीछे केंद्र सरकार की नीतिगत विफलता है। सरकार के पास पहले से कोई ठोस तैयारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह करने, झूठ बोलने और अफवाह फैलाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सबसे बड़े अफवाह फैलाने वाले हैं।अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार नफरत की राजनीति के अलावा कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि सभी धर्म अमन और शांति का संदेश देते हैं और समाज को मिलजुल कर रहने की सीख देते हैं, लेकिन भाजपा को सामाजिक सौहार्द पसंद नहीं है।मुंबई पहुंचने पर अखिलेश यादव का स्वागत महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी तथा विधायक रईस शेख ने किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

