लखनऊ,14 मार्च (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि एलपीजी रसोई गैस की किल्लत अब गंभीर और जानलेवा स्थिति में पहुंचती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि फर्रुखाबाद में गैस सिलेंडर के लिए लगी कतार में खड़े एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि गाजीपुर में गैस लेने के लिए धूप में खड़े एक बुजुर्ग के बेहोश होने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की घटनाएं देश के अन्य राज्यों से भी सामने आ रही हैं, जो इस संकट की गंभीरता को दर्शाती हैं।उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कमी के कारण शहरों में चाय-समोसे की दुकानों से लेकर छोटे-बड़े होटल और रेस्टोरेंट तक बड़ी संख्या में बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इससे इन व्यवसायों से जुड़े लोगों के सामने रोजग़ार का संकट खड़ा हो गया है और कई लोग बेरोजगार होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि रसोई गैस का यह संकट भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नीतिगत विफलता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत और कतार में खड़े बुजुर्ग की मौत के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को यह सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए कि सरकार की गलत नीतियों की कीमत अब जनता अपनी जान देकर चुका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में एलपीजी गैस “लापता गैस” बन गई है और देश की जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि कई स्थानों पर गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को एक बार फिर लंबी लाइनों में खड़ा कर दिया है। पहले नोटबंदी के दौरान लोगों को लाइन में खड़ा होना पड़ा, फिर खाद के लिए कतारें लगीं और अब गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता इस स्थिति को देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता 2027 में पूरी ताकत के साथ लाइन में लगकर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

