लखनऊ,14 मार्च (आरएनएस)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 समिति की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के दौरान समिति की अध्यक्ष प्रो. संगीता सक्सेना सहित डॉ. सुभाष मिश्रा, डॉ. विनीत कुमार और डॉ. मंजरी राज ओरांव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को अधिक लचीला, बहुविषयक और रोजगारोन्मुख बनाना है।जागरूकता रैली के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को नई शिक्षा नीति-2020 से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। रैली के माध्यम से शिक्षा के बदलते स्वरूप, कौशल आधारित अध्ययन और आधुनिक शिक्षण पद्धति के महत्व को भी रेखांकित किया गया।इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। नाटक के माध्यम से शिक्षा में हो रहे बदलाव, कौशल आधारित शिक्षा, बहुविषयक अध्ययन तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के जरिए यह संदेश दिया कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और रोजगारपरक दृष्टि से भी सक्षम बनाने का मार्ग प्रशस्त करती है।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से लोगों से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा नई शिक्षा नीति के प्रावधानों को समझने और अपनाने का आह्वान किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

