जौनपुर ,14 मार्च (आरएनएस)। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में किया गया।पार्टी के राष्ट्रीय नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्ग पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।गैस की किल्लत के कारण होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष श्वेता चैधरी ने बताया कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका बोझ महंगाई के रूप में जनता पर पड़ रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

