श्रावस्ती (आरएनएस ) मल्हीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक किसान के पालतू बैल की अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा हत्या कर दी गई। बैल का अधकटा शव जंगल में मिलने से इलाके में रोष व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुरावन पुरवा (दाखिला हरदत्त नगर गिरंट) के निवासी कैलाश यादव का भाई रमेश कुमार बीती 13 मार्च को पशुओं को चराने के लिए अवसान कुंडी जंगल गया था। शाम करीब 5:30 बजे जब वह पशुओं को वापस घर लाने के लिए इक_ा कर रहा था, तभी उसे आभास हुआ कि उसका 8-9 वर्ष की आयु का भूरे रंग (धांवर) का बैल गायब है।
काफी खोजबीन के बाद भी जब बैल नहीं मिला, तो रमेश ने इसकी सूचना अपने भाई कैलाश को दी। ग्रामीणों के साथ मिलकर देर रात तक जंगल में तलाश की गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
शनिवार की सुबह जब ग्रामीण पुन: खोजबीन के लिए जंगल निकले, तो नदई डीह गांव के पास जंगल में बैल का अधकटा शव बरामद हुआ। बैल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्तियों ने बैल को काटकर मार डाला और अवशेष जंगल में फेंक दिए।
पीडि़त पशुपालक कैलाश यादव ने मल्हीपुर थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीडि़त का कहना है कि कुछ अज्ञात लोगों ने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

