लेखपाल-कानूनगो ने बिना पैमाइश लगा दी गलत रिपोर्ट
सुल्तानपुर ,14 मार्च (आरएनएस)। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र की अन्नपूर्णा नगर ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि शिकायत के बावजूद क्षेत्रीय लेखपाल विपिन यादव और कानूनगो सत्यनारायण यादव ने बिना पैमाइश किए ही मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर मनमाने ढंग से रिपोर्ट लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया।
मामले के अनुसार एक ग्रामीण द्वारा गाटा संख्या 926 से सटी ग्राम समाज की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने के लिए तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया गया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने राजस्व टीम गठित कर मौके पर पैमाइश कराने का आदेश दिया था। लेकिन आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो द्वारा मौके पर पैमाइश किए बिना ही उसी ग्राम पंचायत की गाटा संख्या 226, जो राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज है, उसे दर्शाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड कर दी और मामले का निस्तारण कर दिया। जबकि शिकायत किसी अन्य गाटा संख्या 926 से सटी ग्राम समाज की जमीन पर हो रहे निर्माण को लेकर की गई थी। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से ग्राम समाज की जमीनों पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मोटी रकम लेकर इस तरह के मामलों को दबा दिया जाता है और शिकायतों को कागजों में ही निपटा दिया जाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित लेखपाल और कानूनगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल निलंबित किया जाए, ताकि ग्राम समाज की जमीनों को अवैध कब्जे से बचाया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

