सुल्तानपुर,14 मार्च (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते नजर आ रहे हैं। शहर के कई इलाकों में स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं सामने आने लगी हैं, जिससे आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बीती रात शहर के दर्जनों घरों की बिजली सप्लाई अचानक बंद हो गई, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। बिजली गुल होने से परेशान उपभोक्ता बड़ी संख्या में दरियापुर विद्युत केंद्र पहुंच गए और अधिकारियों से अपनी समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने समय पर अपना बिजली बिल जमा कर दिया है इसके बावजूद स्मार्ट मीटर में बिल माइनस में दिख रहा है और अचानक सप्लाई भी काट दी जा रही है। इस कारण कई सामान्य उपभोक्ताओं को हजारों रुपये के अतिरिक्त बिजली बिल का झटका भी झेलना पड़ रहा है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी भी उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुलझाने में लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन फिलहाल उन्हें पूरी तरह से सफलता नहीं मिल पा रही है। गौरतलब है कि स्मार्ट मीटर को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहले भी विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। अब सुल्तानपुर में भी इस समस्या के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। परेशान नागरिकों ने बिजली विभाग की व्यवस्था और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

