सुलतानपुर,14 मार्च (आरएनएस)। नगरीय झील तालाब पोखर संरक्षण योजना के तहत नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा वार्ड नरायनपुर के सौरमऊ स्थित पुराने तालाब का जीर्णोद्धार कर उसे नमो सरोवर के रूप में विकसित किया गया। लगभग 58 लाख रुपये की लागत से बने इस सरोवर का लोकार्पण मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने विधिवत पूजन के साथ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सुशील त्रिपाठी तथा शैलेन्द्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। करीब 100म100 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित इस सरोवर में तालाब की खुदाई-सफाई, पत्थर की पिचिंग, 300 मीटर इंटरलॉकिंग पाथवे, हाईमास्ट लाइट, बैठने की व्यवस्था और पौधरोपण जैसे कार्य कराए गए हैं। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग पर तालाब का सौन्दर्यीकरण कर इसे पार्क/उपवन के रूप में विकसित किया गया है। मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग के पास होने के कारण पर्यावरण और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से इस स्थल को स्वच्छ बनाए रखने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

