सुल्तानपुर,14 मार्च (आरएनएस)। रसोई गैस के लगातार बढ़ते दाम, सिलेंडरों की कमी और कालाबाजारी के विरोध में शनिवार को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने गैस के दाम कम करने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग उठाई। यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष शहजाद अहमद के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस के बढ़ते दामों से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर गैस एजेंसियां कृत्रिम कमी पैदा कर सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि एलपीजी सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तत्काल कम किया जाए। साथ ही गैस एजेंसियों द्वारा की जा रही कालाबाजारी और अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर पर्याप्त सब्सिडी देने की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार ठोस नीति बनाए। इस दौरान पवन यादव, शिव मंगल तिवारी, शनि यादव, जऱताब रजा खान, कुलदीप वर्मा, सईद अहमद, सुल्तान खान, नूर आलम शानू, सुरेश कुमार, फहीम खान, साकिम अब्बास, मनोज यादव, योगेश यादव, सलमान खान, विनय मिश्रा, महफूज खान, अर्जुन, हरीश, अनिल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

