सरकार की बड़ी मुहिम: 14 साल की किशोरियों को मुफ्त लगाई जाएगी एचपीवी वैक्सीन
सुल्तानपुर ,14 मार्च (आरएनएस)। जिला महिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 भारत भूषण द्वारा किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 भारत भूषण ने बताया कि टीकाकरण सरकार के सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत नही, बल्कि विशेष राष्ट्रीय अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। अभियान में गार्डासिल नाम के क्वाड्रिवैलेंट एचपीवी टीके की एक खुराक दी जायेगी। यह टीका एचपीवी के टाइप 16 एवं 18 से सुरक्षा देता है, जो सर्वाइकल कैंसर के मुख्य कारण है। यह टाइप 6 एवं 11 से भी बचाव करता है। विशेषज्ञों का कहना है, 14 साल की उम्र में एक डोज देने से मजबूत व लंबे समय तक सुरक्षा मिलती है। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। हर साल 80 हजार नए मामले सामने आते है और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मौत हो जाती है। डा0 संजय गुप्ता जिला प्रतिरक्षण अधिकारी द्वारा बताया गया कि यह टीकाकरण पूरी तरह मुफ्त एवं स्वैच्छिक है। इसका मकसद सभी वर्गो की किशोरियों तक बराबर पहुच सुनिश्चित करना है। जिला महिला चिकित्सालय सुलतानपुर में प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक 14 साल की आयु पूर्ण कर चुकी लेकिन 15वाँ साल पूरा न हुआ हो, किशोरियों को एच0पी0वी0 टीका मुफ्त एवं उनके अभिभावक की सहमति के उपरान्त लगाया जायेगा। टीकाकरण स्थल पर लाभार्थी का आधार कार्ड लेकर आना अनिवार्य है के0एन0आई0सी0ई0 सुलतानपुर की छात्रा को जनपद का पहला एचपीवी का टीका लगाया गया साथ में रामकली बालिका इण्टर कालेज की छात्रा को जनपद का दूसरा एचपीवी का टीका लगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रचार्य मेडिकल कालेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला एवं जिला पुरूष चिकित्सालय द्वारा बच्चियों को एचपीवी टीकाकरण का प्रमाण-पत्र दिया गया। इस अवसर पर जिला सर्विलान्स अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, डी0सी0पी0एम0, डी0एम0सी0 यूनीसेफ, वी0सी0सी0एम0-यू0एन0डी0पी0, डी0सी0 जे0एस0आई0, हास्पिटल क्वालिटी मैनेजर जिला चिकित्सालय सुलतानपुर, गीता देवी ए0एन0एम0, सोनी भारती स्टाफ नर्स, शालिनी कन्नौजिया स्टाफ नर्स, पूनम अग्रवाल आशा, सोनू पाण्डेय कम्प्यूटर आपरेटर उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

