मेरठ ,14 मार्च (आरएनएस)। आज मा0 मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उ0प्र0 श्री जयवीर सिंह द्वारा शहीद स्मारक दिल्ली रोड पर जनपद मेरठ में पर्यटन विभाग द्वारा कराये जा रहे सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास की परियोजनाओ का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। जिलाधिकारी द्वारा मा0 मंत्री जी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
मा0 मंत्री जी द्वारा रू0 96.91 लाख से जनपद मेरठ के ग्राम पांचली में धन सिंह कोतवाल आर्ट गैलरी का निर्माण, रू0 115.26 लाख से वि0स0-सदर में स्थित नौचंदी मंदिर के पर्यटन विकास कार्य, रू0 453.77 लाख से सरधना चर्च का पर्यटन विकास कार्य, रू0 452.57 लाख से जनपद में 1857 के क्रांति स्थलो और मेरठ में शहीद स्मारक का पर्यटन विकास कार्य, रू0 58.10 लाख से विधानसभा क्षेत्र सिवालखास के विकास खंड रोहटा के ग्राम पूठखास में महाभारत कालीन अति प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्य का लोकार्पण तथा रू0 1504.26 लाख से हस्तिनापुर का समेकित पर्यटन विकास कार्य, रू0 127.56 लाख से परीक्षितगढ में स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम का समेकित पर्यटन विकास कार्य, रू0 85.69 लाख से ग्राम गेझा विकास खंड जानी में स्थित गौरखधाम सेवा आश्रम का पर्यटन विकास कार्य, रू0 68.82 लाख से वार्ड नं0-55 फतेहउल्लापुर में स्थित मां ललिता देवी का पर्यटन विकास कार्य, रू0 59.30 लाख से विधानसभा मेरठ शहर में स्थित सिद्धपीठ प्राचीन सती देवी मंदिर के पर्यटन विकास कार्य का शिलान्यास किया गया।
मा0 मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदेश सरकार पर्यटन स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, पौराणिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होने कहा कि पर्यटन के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं तथा अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
मंत्री ने कहा कि मेरठ की पावन भूमि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। यह भूमि महाभारत कालीन इतिहास, रामायण कालीन परंपराओं तथा भारत की स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथाओं से जुड़ी है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत भी मेरठ की इसी क्रांतिधरा से हुई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और विकास कर उन्हें पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होने कहा कि कुछ ऐसी भी योजनाओ की घोषणा की गई है जिनको इसी वित्तीय वर्ष में स्वीकृति दी जायेगी। उन्होने कहा कि पर्यटन विभाग जिस योजना का जिस दिन शिलान्यास करता है उसी दिन उसके लोकार्पण की तिथि भी घोषित करता है। मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में कानून एवं शांति व्यवस्था में जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कानून व्यवस्था स्थापित है, उसी के अनुक्रम में प्रदेश में औद्योगिक और निवेश का वातावरण बना। उन्होने कहा कि प्रदेश के वे समस्त स्थल जिनके प्रति लोगो का भावनात्मक लगाव है, जिनके प्रति आस्था व श्रद्धा है उन सबको समृद्ध, संवर्द्धन और विकसित कर पर्यटन अवस्थापना सुविधाओ के साथ जोडकर आम लोगो को समर्पित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन कार्यों से मेरठ के ऐतिहासिक महत्व को और अधिक पहचान मिलेगी तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मा0 राज्मंत्री ऊर्जा डा0 सोमेन्द्र तोमर, महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मा0 विधायक मेरठ कैंट श्री अमित अग्रवाल, मा0 विधायक सिवालखास गुलाम मौहम्मद, मा0 एमएलसी श्री अश्वनी त्यागी, महानगर अध्यक्ष श्री विवेक रस्तौगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, मा0 जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

