रौनक कुमार शंकर
खडग़पुर,14 मार्च (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड सभा से ठीक एक दिन पहले पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खडग़पुर रेलवे स्टेशन से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया। जीआरपी ने एक संदिग्ध व्यक्ति को 50 लाख 77 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है। जीआरपी सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार शाम प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से इधर-उधर घूम रहा था। ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की। उसके जवाबों में असंगति पाए जाने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक काले बैग से 500 और 200 रुपये के नोटों में कुल 50,77,000 रुपये बरामद किए गए। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इब्राहिम मोल्ला (42) के रूप में हुई है। वह हुगली जिले के चंडीतपुर थाना क्षेत्र के कुमिरतला इलाके का निवासी बताया गया है। पूछताछ में उसने दावा किया कि वह गांजाम जिले (ओडिशा) में एक सोने की दुकान में काम करता है, लेकिन इतनी बड़ी रकम के बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। खडग़पुर डिवीजन के जीआरपी के एसआरपी मिथुन कुमार दे ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी को शुक्रवार को ही अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उसके पास से खडग़पुर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन का टिकट भी बरामद हुआ है। जीआरपी ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से होने वाला था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।

