बलौदाबाजार 15 मार्च (आरएनएस) लवन थाना क्षेत्र के ग्राम बरदा में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 19 वर्षीय युवती का शव घर के पीछे पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतिका की पहचान भगवती बंजारे, पिता शोभा राम, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती ने अपने घर के पीछे स्थित खार में एक पेड़ पर रस्सी बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही लवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम की मौजूदगी में किया जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

