तमिलनाडु 15 March, (Rns) : राजधानी चेन्नई के नवल्लूर इलाके में एक सिलेंडर में धमाके का मामला सामने आ रहा है। यहां सिलेंडर में धमाका होने से दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि यहां तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ ही दमकल विभाग को इस धमाके के बारे में सूचना दी। पुलिस का कहना है कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
दरअसल, चेन्नई के पास नवल्लूर इलाके में आज एक संदिग्ध एलपीजी सिलेंडर विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य झुलस गए है। यह घटना सुबह करीब 7:40 बजे चेन्नई दक्षिण के नवल्लूर इलाके के चामुंडीश्वर नगर स्थित तीसरी गली में हुई। यहां कई घर एक-दूसरे से सटे हुए थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर इलाके के निवासी मौके पर पहुंचे और यह देखकर दंग रह गए कि विस्फोट के कारण तीनों घर आंशिक रूप से ढह गए थे। इस घटना में संजय कुमार और सोनिया के डेढ़ वर्षीय बच्चे धीरन और चार वर्षीय कृतिका की मौके पर ही मौत हो गई।

