जौनपुर 15 मार्च (आरएनएस ) ।केराकत थाना क्षेत्र के सरोनी पूरब पट्टी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की झोपड़ी में आग लगा दी गई। इस घटना में झोपड़ी के अंदर रखा पांच क्विंटल गेहूं और 30हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए। पीडि़त ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, जलती हुई झोपड़ी का वीडियो बनाया और फिर चली गई।पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने पीडि़त को गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। पीडि़त ने थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने उसे घर जाने और मेडिकल कराने को कहा। केराकत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने के बाद जब पीडि़त दोबारा थाने पहुंचा, तो पुलिस ने उसे फिर घर भेज दिया।इसके बाद आरोपी लाठी, डंडे, रॉड और पत्थर लेकर पीडि़त के घर आए और फिर से गाली-गलौज करने लगे। जब पीडि़त थाने में सूचना देने जा रहा था, तो आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर दोबारा पीटा और जान से मारने की धमकी दी, कहा कि अगर कोई कार्रवाई की तो उसे खत्म कर देंगे। पीडि़त का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के व्यक्ति हैं और कभी भी कोई बड़ी घटना कर सकते हैं। स्थानीय पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है और न ही कोई कार्रवाई कर रही है। पीडि़त ने अब उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि केराकत थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

