मेरठ 15 मार्च (आरएनएस)। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार ही वेस्ट यूपी में मौसम ने अचानक करवट ली है। विभाग ने पहले ही संकेत दे दिया था। रविवार सुबह से ही तेज हवाओं, गरज-चमक और रिमझिम बारिश ने लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। आसमान में घने बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हो रही हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास भी हो रहा है।
वायु गुणवत्ता में सुधार और सुहाना हुआ मौसम
इस मौसमी बदलाव का सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर भी देखा गया है। तेज हवा और बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नीचे बैठ गए हैं, जिससे वायु प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। साफ हवा और ठंडे मौसम के कारण लोगों को काफी राहत महसूस हुई है। बारिश के कारण सड़कों पर आवागमन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, लेकिन अधिकांश लोगों ने छातों और रेनकोट का सहारा लेकर इस सुहाने मौसम का आनंद लिया।
फसलों के लिए वरदान साबित हो रही बारिश
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एम शमीम के अनुसार, यह बारिश किसानों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित हो रही है। वर्तमान में गेहूं की फसल पकने की अवस्था में है और हल्की रिमझिम बारिश से गेहूं की बालियों को आवश्यक नमी मिल रही है, जो दानों के बेहतर विकास में सहायक होगी। इसके अलावा, सरसों, चना, मसूर और जौ जैसी रबी की अन्य फसलों को भी इस बारिश से फायदा मिलने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढऩे से इन फसलों की बढ़वार में मदद मिलेगी और सिंचाई की आवश्यकता भी कुछ हद तक कम हो जाएगी।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण वेस्ट यूपी के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

