—- सुबह पांच बजे पहुंचे उपभोक्ताओं को बताया गया गैस खत्म, 1200 रुपये लेकर सिलेंडर देने का आरोप, पीडि़त ने जिला पूर्ति अधिकारी से किया शिकायत।
कुशीनगर, 15 मार्च (आरएनएस)। जनपद में गैस की पर्याप्त आपूर्ति होने और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी के बीच जनपद मुख्यालय पडऱौना में स्थित एक गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप सामने आया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर रात में ही चुपचाप सिलेंडर बांट दिए गए है। जबकि सुबह पहुंचे लोगों को गैस खत्म होने की बात कह दी गई। बताया जा रहा है कि पडऱौना नगर पालिका के आवास विकास कॉलोनी स्थित अनिकेत इंडियन गैस एजेंसी पर रविवार सुबह लगभग पांच बजे बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने पहुंचे थे। इनमें से कई उपभोक्ता पहले से ही बुकिंग कराकर ओटीपी लेकर सिलेंडर लेने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों को बताया गया कि गैस सिलेंडर दो बजे रात में ही वितरित कर दिए गए है। जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक दिन पहले ही जिलाधिकारी द्वारा सभी गैस एजेंसियों पर पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए एक-एक नोडल अधिकारी और पुलिस बल की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या ओवररेटिंग न हो सके। इसके बावजूद देर रात गैस वितरण किए जाने और जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पडऱौना विकास खंड के ग्राम पंचायत पगरा बुजुर्ग निवासी पंकज गोंड पुत्र सुरेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया कि वह सुबह करीब पांच बजे एजेंसी पर गैस लेने पहुंचे थे। वहां पहले बताया गया कि गैस खत्म हो गई है। कुछ देर बाद एजेंसी के दो सेल्समैन थोड़ी दूरी पर कुछ लोगों को 1200 रुपये लेकर गैस सिलेंडर देते दिखाई दिए। आरोप है कि उनसे भी 1200 रुपये की मांग की गई। पंकज गोंड ने बताया कि जब उन्होंने एक व्यक्ति को पैसा लेकर गैस दे दिए और पैसे गिनने लगे तो सेल्समैन का वीडियो बनाना शुरू किया तो सेल्समैन घबरा गए और वहां से हटने लगे। उन्होंने कहा कि सामने से वीडियो बना लो, जिसके बाद वे वहां से जाने लगे। पंकज का कहना है कि उन्होंने इस घटना का पूरा वीडियो बना लिया है। पीडि़त के अनुसार जब उन्होंने इस संबंध में एजेंसी मालिक से बात की तो उन्हें मंगलवार को आने की बात कहकर टाल दिया। इससे उन्हें आशंका है कि एजेंसी प्रबंधन की जानकारी में ही गैस की काला बाजारी की जा रही है। इस मामले में पंकज गोंड ने जिला पूर्ति अधिकारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग किया है। वहीं मौके पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं में बृजेश तिवारी सहित कई लोग शामिल रहे ने भी आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के देर रात गैस सिलेंडर बांट दिया गया है। घटना के दौरान एजेंसी संचालक और उपभोक्ताओं के बीच बहसबाजी भी हुई। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि एजेंसी के मैनेजर ने खुद उपभोक्ताओं को बताया कि सिलेंडर रात दो बजे वितरित किया गया है। जबकि एजेंसी मालिक इस बात से इनकार करते नजर आए। इस पर उपभोक्ता लगातार मैनेजर को बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते रहे।
उक्त सम्बन्ध में जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने बताया कि इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

