सुल्तानपुर 15 मार्च (आरएनएस)। जनपद के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में दबंगों के कहर से एक परिवार दहशत में है। मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने रविवार दोपहर एक परिवार के घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि दर्जनों की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने पहले महिलाओं और पुरुषों को जमकर पीटा, इसके बाद कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में घायल युवक समेत अन्य घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पीडि़त सुरेश यादव का आरोप है कि गांव के दबंग राणा अजीत सिंह अपने साथियों संजीत आनंद, अभिजीत, अभियुदय, नीरज, हलचल, अमन, अनुराग और रिंकू यादव समेत दर्जनों लोगों के साथ घर पर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने पीडि़त परिवार के घर के पीछे की जमीन पर कब्जा भी कर लिया है।
पीडि़त परिवार का कहना है कि आरोपितों की दबंगई का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें असलहा निकालने की बात सामने आई थी। पीडि़तों ने शनिवार को ही अखण्डनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि रविवार को फिर से दबंगों ने घर पर धावा बोलते हुए मारपीट और फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।
इन्सेट-
मारपीट मामले में एसपी का सख्त एक्शन, अखण्डनगर थानेदार निलंबित==
सुलतानपुर। थाना अखण्डनगर क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर में हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी अखण्डनगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी के निर्देश पर प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी कादीपुर और थाना प्रभारी अखण्डनगर द्वारा कार्य में शिथिलता बरतने के आरोपों की जांच अब अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं प्रशासन ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

