सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष का लिया संकल्प
सुल्तानपुर 15 मार्च (आरएनएस)। बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित कर इसे बहुजन दिवस और पीडीए दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के विचारों को याद करते हुए सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में इसौली विधानसभा के प्रबल दावेदार गुफरान अहमद उर्फ सैफी ने कहा कि कांशीराम और राम मनोहर लोहिया के अधूरे सपनों को पूरा करना ही समाजवादी विचारधारा का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित, अति पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाकर ही वास्तविक सामाजिक न्याय की स्थापना संभव है। सैफी ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद और नूरा-कुश्ती से दूर रहने की अपील करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए संगठन को और मजबूत करें। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को मजबूत किया जाएगा और अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

