सुल्तानपुर 15 मार्च (आरएनएस)। शहीद धीरेन्द्र गुप्ता की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर उनके गांव हसनपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जनसमूह ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस, देशभक्ति और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर शहीद की समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद धीरेन्द्र गुप्ता का बलिदान देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपने सेवा के दौरान देश की रक्षा और कर्तव्यनिष्ठा का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे वीर सपूतों की स्मृति को सदा जीवित रखना हम सभी का कर्तव्य है।इसके उपरांत सभी लोग शांति भोज में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद के जीवन और उनके अदम्य साहस को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया। श्रद्धांजलि सभा में ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव,भाजपा नेता मनीष साहू, प्रधानाचार्य रामलाल गुप्ता, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष विनय सिंह,र ाहुल गुप्ता, जगप्रसाद यादव, ओमप्रकाश पांडेय, नरेंद्र पाण्डेय, लक्ष्मी प्रसाद, रामकेवल विश्वकर्मा, सूरज कुमार, मंगरू प्रसाद, रामेश्वर प्रसाद यादव फौजी, संतोष यादव शैलेन्द्र साहू, विवेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में शहीद धीरेन्द्र गुप्ता के पिता रिटायर्ड कैप्टन संगमलाल गुप्ता द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और शहीद धीरेन्द्र गुप्ता के आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

