लखनऊ, 15 मार्च (आरएनएस )नगर निगम द्वारा गृहकर जमा करने के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जोन-3 में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी के नेतृत्व में बाइक एवं वाहन रैली निकालकर विभिन्न वार्डों में लोगों को समय से गृहकर जमा करने के लिए प्रेरित किया गया।जागरूकता रैली अलीगंज, महाकवि जयशंकर प्रसाद, भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, लाला लाजपत राय, महानगर, विवेकानन्दपुरी तथा डालीगंज निराला नगर वार्डों में निकाली गई। रैली के माध्यम से नगरवासियों को गृहकर जमा करने के महत्व की जानकारी दी गई और निर्धारित समय सीमा के भीतर कर जमा करने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि गृहकर जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित है। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के कार्यालय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे, जहां गृहकर जमा किया जा सकेगा। साथ ही जीआईएस सर्वे के अंतर्गत भवन स्वामियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों का निस्तारण भी किया जाएगा।रैली में जोनल अधिकारी मनोज यादव के साथ राजस्व निरीक्षक अमित शंकर, राहुल यादव, वीरेन्द्र कुमार, विशाल श्रीवास्तव, उदय त्रिपाठी, मोहज्जिब तथा शिब्ते रजा सहित नगर निगम की टीमें मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की लखनऊ स्वच्छता अभियान टीम भी 6 वाहनों, 296 कर्मचारियों और 19 बाइकों के साथ अभियान में शामिल हुई।नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपना गृहकर जमा कर नगर के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

