लखनऊ 15 मार्च ,(आरएनएस )उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में प्रश्न पत्र से जुड़े मामले पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की आस्था और मर्यादा के विषय में अमर्यादित टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए। साथ ही ऐसे हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में दिशा-निर्देशों को पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।इस बीच मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई वर्षा से किसानों की फसलों को होने वाले संभावित नुकसान की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को फील्ड में रहकर किसानों से संवाद करने तथा फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राहत आयुक्त फील्ड स्तर के अधिकारियों से सीधे समन्वय बनाए रखें। साथ ही फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त कर समयबद्ध तरीके से किसानों को मुआवजा वितरित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

