लखनऊ 15 मार्च (आरएनएस )। महान समाज सुधारक एवं बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशीराम की जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के जीवन, संघर्ष तथा सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को स्मरण किया।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष एवं बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि कांशीराम ने समाज के वंचित, शोषित और दलित वर्गों को संगठित कर उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अमरनाथ पासवान ने कांशीराम के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें मुख्यधारा की राजनीति में भागीदारी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और सिद्धांत आज भी सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।कांग्रेस प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने कहा कि कांशीराम का पूरा जीवन सामाजिक परिवर्तन और बहुजन समाज के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज में समानता और न्याय की स्थापना के लिए प्रेरणा देते हैं।इस अवसर पर एच.एल. दुसाध, सुशीला सोनकर, सिद्धी श्री, मुरली मनोहर, संदीप पाल, विकास श्रीवास्तव, जितेन्द्र वर्मा तथा शेरू पाल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

