लखनऊ, 15 मार्च (आरएनएस ) । बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की सोच और आंदोलन को पूरे देश में जीवित रखने तथा उसे आगे बढ़ाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।मायावती ने कहा कि कांशीराम ने जाति के आधार पर बंटे और दबे-कुचले लोगों को बहुजन समाज की एकता में जोडऩे का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के लक्ष्य को लेकर निरंतर संघर्ष किया और बहुजन समाज को सत्ता तक पहुंचाने के उद्देश्य से अपना जीवन समर्पित किया।उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के आंदोलन को तन, मन और धन से मजबूत बनाने तथा चुनाव में सफलता प्राप्त करने के संकल्प को दोहराया गया है। साथ ही उन्होंने देशभर में कांशीराम के अनुयायियों द्वारा दी गई श्रद्धांजलि के लिए सभी का आभार भी व्यक्त किया।मायावती ने बहुजन समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बहुजन समाज पार्टी के आंदोलन से जुड़कर सच्चे और ईमानदार अम्बेडकरवादी बनें तथा अपने मताधिकार की शक्ति से सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करें, ताकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान में बहुजनों के हित, कल्याण, उत्थान और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए दिए गए अधिकारों को जमीन पर लागू कराया जा सके और समाज के लोग बेहतर व सम्मानजनक जीवन जी सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

