लखनऊ, 15 मार्च (आरएनएस ) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर बहुजन आंदोलन के प्रणेता कांशीराम की 92वीं जयंती समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित पार्टी कार्यालयों में सादगी के साथ मनाई गई।पार्टी मुख्यालय में कांशीराम के चित्र पर सांसद आर.के. चौधरी, विधानसभा के पूर्व नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी सहित पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।अखिलेश यादव ने कहा कि कांशीराम भारतीय राजनेता और समाज सुधारक थे, जिन्होंने भारतीय समाज में बहुजनों को सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने वर्ष 1971 में बामसेफ और 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की तथा दलित समाज में आत्मसम्मान की भावना जगाने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने सरकारी सेवाओं में कार्यरत दलित समाज के सक्षम वर्ग को जोड़कर बहुजन समाज के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया।अखिलेश यादव ने कहा कि कांशीराम और नेताजी मुलायम सिंह यादव के बीच 1991 में हुए गठबंधन से प्रदेश की राजनीति में दलित और पिछड़े वर्गों के बीच नए संबंध बने और राज्य में साझा सरकार का गठन हुआ। समाजवादी पार्टी ने कांशीराम को इटावा से लोकसभा पहुंचाने का काम किया और उन्हें हमेशा सम्मान दिया।उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को पीडीए से मजबूती मिली है। लंबे समय तक इन वर्गों को सामान्य सुविधाओं से भी वंचित रखा गया। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान में दिए गए अधिकारों से एक बड़े तबके को वंचित रखने की साजिश भारतीय जनता पार्टी कर रही है। अब सभी ने एकजुट होकर पीडीए के रास्ते भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया है।कार्यक्रम में पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, समाजवादी शिक्षक सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पाण्डेय, पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव, पूर्व विधायक अंबरीश पुष्कर, प्रदेश उपाध्यक्ष सी.एल. वर्मा, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणिंद्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी लखनऊ जयसिंह जयंत, पूर्व मंत्री सलाउद्दीन मुस्सन, विजय सिंह यादव, राम प्रकाश यादव, अनिल पासी, उमाशंकर वर्मा, राम अवतार धीमान, दुलीचंद यादव, अमरजीत सिंह महाराजगंज, नीतू यादव, विजयश्री गौतम, मालती यादव, रिंकी यादव, सत्येन्द्र रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

